सारस न्यूज़, ठाकुरगंज।
शहीद दिवस के अवसर पर ठाकुरगंज में कला एवं संस्कृति मंच द्वारा अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह साहित्यिक कार्यक्रम 23 मार्च 2026 को शाम 6 बजे ठाकुरगंज क्लब मैदान में आयोजित होगा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए कवि और साहित्यकार अपनी रचनाओं के माध्यम से शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में हास्य, गीत, श्रृंगार और देशभक्ति से जुड़ी काव्य प्रस्तुतियां होंगी। मंच पर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के कवियों की भागीदारी रहेगी। कार्यक्रम का उद्देश्य शहीद दिवस के ऐतिहासिक महत्व को साहित्य और संस्कृति के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम भी रखा गया है, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि यह कवि सम्मेलन युवाओं को देशभक्ति, साहित्य और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमियों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति ने जिले के लोगों से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
