Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

आंगनबाड़ी सेविका व किसान की बेटी ने लहराया परचम, सीआईएसएफ पद पर चयनित होने वाली बनी ठाकुरगंज की पहली छात्रा।

सारस न्यूज, किशनगंज।

किशनगंज जिले की ठाकुरगंज प्रखंड के ग्राम पंचायत पटेश्वरी की रहने वाली पल्लवी कुमारी ने अपने प्रखंड और जिला का नाम रोशन किया। प्रखंड ठाकुरगंज से महज 5 किमी की दूरी पर स्थित ग्राम भोलाभिट्ठा के सामान्य किसान उमेदी साह व आंगनबाड़ी सेविका कलावती देवी की बेटी पल्लवी का चयन सीआईएसएफ ( केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ) में हुआ है। बेटी पल्लवी कुमारी ने सीआईएसएफ में चयनित होकर अपने गांव का नाम रोशन किया है। पल्लवी इस पद पर चयनित होने वाली प्रखंड की पहली छात्रा बनी है। पल्लवी कुमारी के पिता किसान उमेदी साह ने बताया कि पल्लवी ने सीआईएसएफ में चयनित होकर अपना तो लक्ष्य को पूरा किया ही, साथ ही अपने माता – पिता का सपना को भी पूरा किया।

उन्होंने बताया कि पल्लवी ने अपनी रात – दिन की मेहनत और लगन से ट्यूशन व ऑनलाइन में  तैयारी की और कड़ी लगन और मेहनत के बलबूते सीआईएसएफ में चयन हुआ है। किसान व आंगनबाड़ी सेविका की बेटी पल्लवी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरकारी स्कूल से की। अपने ही गांव मध्य विद्यालय भोलाभिट्ठा में आठवीं तक की पढ़ाई करने के बाद प्लस टू प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय ठाकुरगंज से वर्ष 2019 को मैट्रिक की परीक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण की और एम. एच. आजाद हुसैन नेशनल कॉलेज, ठाकुरगंज से आई.कॉम के बाद बी.कॉम पार्ट थ्री में अध्ययनरत हैं। पल्लवी ने शुरू से ही देश सेवा करने का सपना देखा था, जिसको उसने पूरा कर दिखाया है। वहीं पल्लवी के इस सपने को साकार करने में पल्लवी के माता-पिता का अहम योगदान रहा है। पल्लवी की माता आंगनवाड़ी सेविका होने के बावजूद भी पल्लवी को पढ़ने पर जोर देती रही जिसका परिणाम यह हुआ कि आज पल्लवी को देश सेवा करने का मौका मिला है और केंद्रीय कर्मचारी चयन आयोग, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, भारत सरकार द्वारा आयोजित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) में भर्ती परीक्षा, 2024 के अंतिम परिणाम में सीआईएसएफ (केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) में चयनित होने सफलता हासिल की है।

पल्लवी कुमारी बचपन से मेघावी छात्रा रहीं हैं, इसी दौरान प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रही थी और पहले ही प्रयास में यह सफलता अर्जित की है। वही पल्लवी कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता पिता व गुरुजनों को दिया है। पल्लवी के सीआईएसएफ में चयन होने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है एवं पूरे गांव में जश्न मनाया जा रहा है। वहीं पल्लवी के घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *