सारस न्यूज, किशनगंज।
ठाकुरगंज नगर के स्टेशन रोड में प्रखंड नाई संघ ठाकुरगंज के अध्यक्ष कारी ठाकुर की अध्यक्षता में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर की 100वीं जन्म-जयंती अर्थात् जन्म शताब्दी समारोह आयोजित की गई। सर्वप्रथम मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल, पूर्व मुख्य पार्षद देवकी अग्रवाल व प्रमोद कुमार चौधरी व नगर के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिकों सहित नाई संघ के सदस्यों ने बारी – बारी से जननायक कर्पूरी ठाकुर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित व पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान केंद्र सरकार द्वारा उनके जन्म शताब्दी जयंती के पुर्व संध्या पर जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने की घोषणा से प्रखंड नाई संघ सहित सभी अतिथियों व गणमान्य नागरिकों ने एक सुर में पीएम नरेंद्र मोदी को साधुवाद दिया।
इस अवसर पर नाई संघ के सदस्यों ने मौके पर मौजूद सभी अतिथियों व गणमान्य नागरिकों को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया। इस मौके पर मौजूद मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर का जन्म 24 जनवरी 1924 को बिहार के समस्तीपुर के पितौंझिया गांव, जिसे अब कर्पूरीग्राम कहा जाता है, में हुआ था। जननायक कर्पूरी ठाकुर भारत के स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षक, राजनीतिज्ञ तथा बिहार राज्य के दूसरे उपमुख्यमंत्री और दो बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं। लोकप्रियता के कारण उन्हें जननायक कहा जाता था। प्रखंड नाई संघ के अध्यक्ष कारी ठाकुर और संघ के सदस्यों ने जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने की घोषणा होने पर प्रधानमंत्री मोदी जी को धन्यवाद देते हुए कहा कि 26 जनवरी, 2024 गणतंत्र दिवस पर उन्हें मरणोपरांत भारत सरकार द्वारा भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा, जैसा कि 23 जनवरी 2024 को प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषणा की गई। पूर्व मुख्य पार्षद देवकी प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर ने अपना अनमोल जीवन स्वजन को उपकृत तथा लाभ पहुंचाने की अपेक्षा अपने सिद्धांतों, आदर्शों एवं मूल्यों को प्रश्रय में व्यतीत किया। परिवारवाद और वंशवाद को उन्होंने जनतंत्र के लिए हमेशा घातक माना। पूर्व मुख्य पार्षद प्रमोद कुमार चौधरी ने कहा कि सामाजिक न्याय के लिए कर्पूरी बाबू ने जो प्रयास किए, उससे करोड़ों लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव आया। उनका संबंध नाई समाज यानि समाज के अति पिछड़े वर्ग से था। अनेक चुनौतियों को पार करते हुए उन्होंने कई उपलब्धियों को हासिल किया और जीवनभर समाज के उत्थान के लिए काम करते रहे। जननायक कर्पूरी ठाकुर का पूरा जीवन सादगी और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित रहा। वे अपनी अंतिम सांस तक सरल जीवनशैली और विनम्र स्वभाव के चलते आम लोगों से गहराई से जुड़े रहे।
वहीं इस मौके पर प्रखंड नाई संघ के महासचिव भोला ठाकुर, सचिव जितेंद्र ठाकुर, लक्ष्मण ठाकुर, ललन ठाकुर, बंगाली ठाकुर, रवि ठाकुर, राज कुमार ठाकुर, रघुवीर ठाकुर, भाजपा नेता सह पार्षद अमित सिन्हा, पार्षद प्रतिनिधि प्रदीप साह, भाजपा नगर अध्यक्ष अतुल सिंह, जिला महामंत्री बिजली प्रसाद सिंह, नवल किशोर यादव, राजेश करनानी, अनिल महाराज, शिव शंकर महतो, बिट्टू साह, चंद्रकांत गौतम, अमृत मंडल, किशन बाबू पासवान, बिपलब कर्मकार, खोखा सरकार, बीरबल शर्मा, नरेश साह, हंसराज नखत, अखिल साहा, शत्रुधन ठाकुर आदि मौजूद रहे।