सारस न्यूज़, ठाकुरगंज।
प्रगति यात्रा के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड के कटहल डांगी गांव पहुंचे। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर जैसे ही कटहल डांगी में उतरा, ग्रामीणों के बीच उत्साह का माहौल बन गया। लगभग तीन घंटे की देरी से पहुंचे मुख्यमंत्री का सत्ता पक्ष के साथ-साथ राजद और अन्य दलों के नेताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर जिला पदाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री ने गांव में अल्पसंख्यक कल्याण से जुड़ी योजनाओं का निरीक्षण किया और करीब 350 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इन योजनाओं के जरिए क्षेत्र के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और सामुदायिक भवन का दौरा करते हुए स्थानीय लोगों से संवाद किया। उन्होंने अल्पसंख्यक समुदाय के लिए चलाई जा रही योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया और लोगों को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस अधीक्षक सागर कुमार के नेतृत्व में सुरक्षा बल तैनात रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल राज, प्रभारी मंत्री जमा खान, मंत्री विजय चौधरी, विधायक सऊद आलम, पूर्व मंत्री नौशाद आलम और नगर पंचायत अध्यक्ष सिकंदर पटेल समेत कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आगे की यात्रा मुख्यमंत्री ठाकुरगंज के बाद हेलीकॉप्टर से हालामला के लिए रवाना हुए, जहां वे खेल मैदान, सरोवर और अन्य विकास योजनाओं का निरीक्षण करेंगे। उनकी इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य जिले के विकास कार्यों की समीक्षा और योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करना है।