सारस न्यूज़, ठाकुरगंज।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 21 जनवरी को प्रस्तावित प्रगति यात्रा के ठाकुरगंज दौरे को लेकर जिला प्रशासन युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटा हुआ है। जिले के वरिष्ठ अधिकारी लगातार ठाकुरगंज प्रखंड का दौरा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के मद्देनज़र ठाकुरगंज के महानंद और बाइपास सड़क का शिलान्यास किए जाने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन व्यापक तैयारियां कर रहा है। शनिवार को जिला पदाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने ठाकुरगंज क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने ठाकुरगंज थाना का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने के सभी अभिलेखों और पंजियों की जांच की और उनमें पाई गई त्रुटियों को सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने मामलों की समीक्षा कर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने, अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी गश्त, सघन वाहन चेकिंग, मद्यनिषेध के क्रियान्वयन, भूमि विवादों के समाधान, यातायात नियंत्रण, और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए। थाने में पदस्थापित थानाध्यक्ष सहित सभी पुलिसकर्मियों और चौकीदारों को अपराध नियंत्रण के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी मंगलेश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष मकसूद अशरफी और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
