• Sat. Sep 13th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

ठाकुरगंज प्रखंड मुख्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम; डीएम के आगमन की सूचना पर चकाचक दिखा प्रखंड मुख्यालय और नगर की सड़कें।

सारस न्यूज़, ठाकुरगंज।

गुरुवार को डीएम विशाल राज ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत ठाकुरगंज प्रखंड मुख्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी कक्षों का गहनता से अवलोकन किया और कुछ खामियों को सुधारने के लिए बीडीओ अमहर अब्दाली को निर्देश दिए। उन्होंने प्रखंड मुख्यालय स्थित शौचालय के टूटे हुए शीशे को जल्द बदलवाने का भी निर्देश दिया। इसके बाद डीएम ने सभी संचिकाओं का गहन निरीक्षण किया, जिनमें उपस्थिति पंजी, लोक शिकायत निवारण, उच्च न्यायालय, क्रम पंजी और लॉगबुक शामिल थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इन सभी को संतोषजनक बताया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने प्रखंड मुख्यालय परिसर में नव-निर्मित बीआरसी भवन को जल्द चालू करने के लिए बीडीओ को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित करने का आदेश भी दिया।

इसके बाद डीएम ने पटेशरी पंचायत के दूधमंजर गांव में किसान रामचंद्र पंडित के खेत में लगी अगहनी धान की फसल की कटाई का निरीक्षण किया। जिला कृषि पदाधिकारी को फसल कटाई के दौरान आवश्यक निर्देश दिए गए। कटाई के प्रयोग के लिए 10×5 मीटर आकार में काटी गई फसल का वजन 18.350 किलोग्राम मापा गया।

वहीं, डीएम के आगमन की सूचना पर नगर क्षेत्र की सड़कों पर साफ-सफाई की गई और ब्लीचिंग का छिड़काव कर मुख्यालय परिसर को चमकाया गया। लोगों में चर्चा थी कि आज सड़कें इतनी साफ-सुथरी क्यों दिख रही हैं। जब जिला के बड़े साहब का काफिला प्रखंड मुख्यालय में प्रवेश किया, तो लोगों ने कहा, “अच्छा, बड़े साहब आए हैं, इसलिए!” बता दें कि आए दिन नगर की सड़कों और चौक-चौराहों पर गंदगी का अंबार लगा रहता है, परंतु बड़े साहब के आगमन पर विशेष रूप से साफ-सफाई की व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी अवधेश कुमार शर्मा, प्रखंड सांख्यिकी अधिकारी अवधेश शर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *