संवाद सूत्र गलगलिया, डीएन शर्मा।
ठाकुरगंज:-गलगलिया पुलिस द्वारा एक मानसिक रूप विक्षिप्त भटकी हुई महिला को सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार की रात करीब 10 बजे लगभग गलगलिया थानाध्यक्ष को स्थानीय लोगों से सूचना मिली की एक महिला गलगलिया रेलवे स्टेशन पर भटक कर आ गई है और रात के अंधेरे में अकेली ही रेलवे स्टेशन पर भटक रही है। सूचना पाते ही गलगलिया थानाध्यक्ष राहुल कुमार महिला पुलिसकर्मी के साथ गलगलिया रेलवे स्टेशन पर पहुंच कर उक्त महिला से पूछताछ की। पूछताछ करने पर उक्त महिला ने अपना नाम साजिदी बेगम पिता मोहम्मद संजूर आलम साकीन श्रीपटल थाना बलरामपुर जिला कटिहार बिहार निवासी बताया। इसके उपरांत गलगलिया थानाध्यक्ष द्वारा उक्त महिला की सुरक्षा हेतु उसे गलगलिया थाना लाया गया। वहीं थानाध्यक्ष राहुल कुमार द्वारा इसकी सूचना संबंधित थाने बलरामपुर कटिहार को दी गई। बलरामपुर पुलिस द्वारा उक्त भटकी हुई महिला की जानकारी उसके परिजनों को दी गई। सूचना पाकर उक्त महिला के परिजन अहले सुबह करीब 4 बजे लगभग गलगलिया थाना पहुंचे। जहां गलगलिया थानाध्यक्ष राहुल कुमार द्वारा जांच एवं कागजी कार्रवाई के उपरांत महिला को सकुशल परिजनों के हवाले कर दिया गया।