सारस न्यूज, ठाकुरगंज।
आज ठाकुरगंज के ऐतिहासिक श्री हर गौरी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर चंदा चौधरी (सांसद, जनकपुर), एम.एस. पड्डा (उप महानिरीक्षक, सशस्त्र सीमा बल, रानीडांगा), और महंत पुरम मठ (उड़ीसा) ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

रुद्राभिषेक का आयोजन मंदिर के पुजारियों द्वारा विधिवत मंत्रोच्चारण और धार्मिक विधियों के साथ किया गया। अभिषेक के दौरान शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, दही, घी, शहद, और बेलपत्र अर्पित किए गए। यह आयोजन क्षेत्र में शांति, समृद्धि, और आपसी सद्भाव की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया।

चंदा चौधरी, जो वर्तमान में महिला मित्र परिषद, नेपाल की अध्यक्ष भी हैं, ने अपने संबोधन में कहा, “श्री हर गौरी मंदिर जैसे स्थान हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहर का प्रतीक हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में एकता और आपसी सहयोग की भावना मजबूत होती है।”

एम.एस. पड्डा (उप महानिरीक्षक, सशस्त्र सीमा बल, रानीडांगा) ने इस अवसर पर कहा कि भारत-नेपाल की मित्रता और सांस्कृतिक संबंधों को गहरा करने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने मंदिर की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्ता पर भी प्रकाश डाला।
इस कार्यक्रम में चंद्र मौली मिश्रा (पूर्व प्रधानमंत्री श्री चंद्रकांत मिश्रा की सचिव की पुत्री),अनुप रोबा कच्छप (द्वितीय कमान अधिकारी, कार्यवाहक कमांडेंट, 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, ठाकुरगंज), एम. ब्रोजन सिंह (उप कमान्डेंट), राजीव शर्मा (उप कमान्डेंट), श्री हर गौरी मंदिर समिति के सदस्य, और नेपाल से आए अन्य विशिष्ट प्रतिनिधि मौजूद रहे।