राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के खलीफा पट्टी की रहने वाली सीमा खातून अपने पति मो. इम्तियाज की हत्या के मामले में न्याय के लिए दर-दर भटक रही हैं। घटना के 40 दिन बीत जाने के बाद भी उचित कार्रवाई न होने से पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर मदद की अपील की है।
पीड़िता के अनुसार, उसके पति की हत्या की मुख्य वजह ₹4,73,238 का लेनदेन है। मृतक मो. इम्तियाज ने मुख्य आरोपी मो. राजा को फाइनेंस और रिश्तेदारों से लेकर पैसे दिए थे। जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे, तो 16 फरवरी 2026 को कथित तौर पर उनकी हत्या कर दी गई।
सीमा खातून ने बताया कि मुख्य आरोपी मो. राजा पहले से ही आपराधिक छवि का व्यक्ति है और उसने सिविल कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। हालांकि, मामले का सह-आरोपी मो. नूर अली अब भी फरार है, जिससे पीड़ित परिवार असुरक्षित महसूस कर रहा है।
पीड़िता सीमा खातून ने कहा कि मेरे पांच छोटे बच्चे हैं और उनके भरण-पोषण का अब कोई सहारा नहीं बचा है। मैं बस अपने पति के लिए न्याय चाहती हूँ।
पीड़िता ने एसपी से गुहार लगाई है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच उनके मार्गदर्शन में कराई जाए, फरार आरोपी मो. नूर अली की अविलंब गिरफ्तारी हो, जेल में बंद आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए और पीड़ित परिवार को सुरक्षा तथा न्याय प्रदान किया जाए।
