शशि कोशी रोक्का, सारस न्यूज़ टीम।
शनिवार को ठाकुरगंज पुलिस और एसएसबी 19वीं वाहिनी की संयुक्त कार्रवाई में 350 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ मालदा निवासी दो युवकों को खरना के समीप गिरफ्तार किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19वीं बटालियन के जवानों को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल के मालदा से ब्राउन शुगर लाकर दो युवक ठाकुरगंज में सप्लाई करने की फिराक में थे।
एसएसबी और ठाकुरगंज थाना की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उनके मंसूबों को नाकाम करते हुए अब्दुल कलाम और हबीबुर रहमान नामक दो युवकों को गिरफ्तार किया। बरामद की गई ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत 6 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस दोनों युवकों को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मंगलेश कुमार ने पुष्टि की कि एसएसबी और ठाकुरगंज पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लाखों के ब्राउन शुगर के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और अग्रिम कार्रवाई जारी है। यह कार्रवाई पटेशरी पंचायत अंतर्गत खरना के पास की गई।
