शशि कोशी रोक्का, किशनगंज ब्यूरो।
ठाकुरगंज: स्वच्छ ऑक्सीजन के लिए पेड़-पौधों का होना अत्यंत आवश्यक है। पेड़ न केवल ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण को स्वच्छ और संतुलित बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। इसी संदेश को समाज में फैलाने के उद्देश्य से ठाकुरगंज नगर पंचायत वार्ड-2 के निवासी संदीप शर्मा ने अपनी पुत्री अंशिका के जन्मदिन को एक अनोखे अंदाज में मनाया। संदीप शर्मा ने ठाकुरगंज नगर के वार्ड नंबर-6 स्थित महाभारत कालीन माने जाने वाले भातढाला पोखर पार्क में पौधा रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। संदीप शर्मा ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में ठाकुरगंज क्षेत्र में पेड़ों की संख्या में काफी कमी आई है, जिसके कारण पर्यावरण में भी बदलाव देखा जा रहा है। वर्तमान में पर्यावरण पहले की अपेक्षा ठीक स्थिति में नहीं है। इसी कारण सभी को कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने अपनी पुत्री के चौथे जन्मदिवस पर नीम का पेड़ लगाने का निर्णय लिया और अपनी बेटी को भी इसके महत्व के बारे में बताया ताकि वह भी पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझ सके।