सारस न्यूज, किशनगंज।
गणतंत्र दिवस के पूर्व संध्या पर ताराचंद धानुका एकेडमी के सीनियर क्लास के बच्चों ने मशाल मैराथन दौड़ लगाई। स्कूली बच्चों ने मशाल मैराथन दौड़ ठाकुरगंज थाना से शुरु करते हुए मेन रोड, महावीर स्थान, मस्तान चौक, कॉलेज मोड़, पैट्रोल पम्प चौक, सियालडांगा चौक होते हुए कुर्लीकोट थाना तक करीब 4 किलोमीटर की दूरी तय किया और स्कूल पहुंचे। इससे पूर्व विद्यालय के प्राचार्य सुनील कुमार झा ने गुरूवार को संध्या काल ठाकुरगंज थाना चौक से फ्लैग दिखाकर 25 बच्चों की टीम को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और हम सबों के मन में गणतंत्र के प्रति गहरी आस्था है, जो हमारी ताकत है। उन्होंने कहा कि इसी की बदौलत भारत विश्व में एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि मैराथन दौड़ के आयोजन का मकसद देश के लिए युवाओं को उनके दायित्व के लिए जागृत करना है। समाज में एकता व सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे इसके लिए हम सबों को मिलकर प्रयास करना होगा।