राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।
किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। यह घटना साबोडांगी के पास फोरलेन पर हुई, जहां एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान दूधऔटी पंचायत के गफ्फार टोला निवासी 35 वर्षीय इकबाल हुसैन और 25 वर्षीय अकबर के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे।
यह हादसा ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत सुखानी थाना क्षेत्र के गंभीरगढ़ चौक के पास NH-327E तातपौआ रोड पर हुआ। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक चालक युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। बाइक पर बैठा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसने इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
सुखानी थाना प्रभारी मनु कुमारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही गश्ती दल को तत्काल मौके पर जांच-पड़ताल के लिए भेजा गया। दोनों मृतकों के शवों को मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, किशनगंज भेजा गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
