शशि कोशी रोक्का, सारस न्यूज़, ठाकुरगंज।
ठाकुरगंज पुलिस सप्ताह के अवसर पर सोमवार को प्रोजेक्ट कन्या प्लस टू उच्च विद्यालय में नारी सशक्तिकरण और समाज में महिलाओं की भूमिका पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा संबंधी कानूनों और समाज में महिलाओं की भूमिका के बारे में जानकारी देना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसडीपीओ टू मंगलेश कुमार सिंह और ठाकुरगंज थानाध्यक्ष मकसूद आलम अशर्फी उपस्थित थे, जिन्होंने छात्राओं को नारी सशक्तिकरण के महत्व के बारे में जागरूक किया। एसडीपीओ मंगलेश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं को घरेलू हिंसा, लैंगिक भेदभाव और अन्य सामाजिक कुरीतियों के प्रति सतर्क रहना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्राओं को यह भी बताया कि किसी भी समस्या के दौरान वे बिना संकोच पुलिस की मदद ले सकती हैं, क्योंकि थानों में महिला पुलिस हेल्पलाइन और महिला पुलिस अधिकारी उनकी सहायता के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।
वहीं, ठाकुरगंज थानाध्यक्ष मकसूद आलम अशर्फी ने भारतीय न्याय संहिता के अध chapter पांच के अंतर्गत महिलाओं से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कानून महिलाओं को सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए कई अधिकार प्रदान करता है, जिन्हें समझना और उनका पालन करना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने नारी अधिकारों, सुरक्षा और समाज में व्याप्त कुरीतियों से संबंधित कई सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से उत्तर दिया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्राएं भी उपस्थित थीं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को सशक्त बनाना, उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करना और समाज में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना था।