सारस न्यूज, वेब डेस्क।
शहर के हलिम चौक से लेकर दौला, समदा और महीनगांव की ओर जाने वाली मुख्य सड़क बदहाल स्थिति में है। यह मार्ग पुराने खगड़ा क्षेत्र को भी जोड़ता है, जो रोजमर्रा की आवाजाही के लिहाज से बेहद अहम है। लेकिन सड़क की दयनीय हालत से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह रास्ता न केवल ग्रामीण क्षेत्रों को शहर से जोड़ता है, बल्कि रोजगार के लिए आने-जाने वाले लोगों की जीवनरेखा भी है। दौला और महीनगांव पंचायत के कई गांवों से प्रतिदिन सैकड़ों लोग इसी मार्ग से शहर आते हैं। इनमें स्कूल-कॉलेज के छात्र, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी और आम नागरिक शामिल हैं।
स्थानीय लोगों की मानें तो सड़क की हालत पिछले कई वर्षों से खराब है, लेकिन आज तक किसी भी स्तर पर इसकी मरम्मत की कोई ठोस पहल नहीं हुई। जगह-जगह गड्ढे हैं, जिससे बाइक, ऑटो और अन्य वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जब कीचड़ और पानी भर जाने से राह चलना मुश्किल हो जाता है।
रोजाना इस मार्ग पर गुजरने वाले लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि कई बार प्रशासन को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। लोग चाहते हैं कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि दुर्घटनाओं और आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।
