• Fri. Sep 12th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

64 दिनों से जारी महिला संवाद कार्यक्रम आज होगा संपन्न2 लाख 34 हजार से अधिक महिलाओं ने लिया भाग, 31 हजार से अधिक आकांक्षाएँ हुईं दर्ज।

राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।


अठारह अप्रैल से निरंतर जारी महिला संवाद कार्यक्रम आज संपन्न हो जाएगा। 64 दिन अनवरत जारी रहे संवाद कार्यक्रम में लाखों की संख्या में महिलाओं की भागीदारी ने उसे उद्देश्यपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम में अब तक 2 लाख 34 हजार से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। आत्मविश्वास, जिजीविषा और जिज्ञासा से भरी महिलाएँ महिला संवाद कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति से उसे सफल बना रही हैं। महिलाएँ अपनी आकांक्षा, प्रश्न, सुझाव, शिकायत, अनुभव बेबाकी से व्यक्त कर संवाद कार्यक्रम में रचनात्मक भागीदारी दे रही हैं। उनका जीवन, अनुभव और समाज से जुड़ी समस्याओं पर पैनी नज़र आने वाले समय में जिले के विकास की दिशा में गुणात्मक परिवर्तन के लिए उत्प्रेरक की भूमिका निभाएँगी।

1249 ग्राम संगठनों में अब तक महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा चुका है। शुक्रवार को शेष बचे हुए 13 ग्राम संगठनों में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शुक्रवार को बहादुरगंज प्रखंड के मोहम्मदनगर पंचायत में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं, दिघलबैंक प्रखंड के सतकौवा, दिघलबैंक पंचायत, कोचाधामन के हल्दीखोड़ा, बलिया, मजकुरी, कोचाधामन पंचायत, ठाकुरगंज प्रखंड के दुधोटी, रसिया, भोलमारा, छेतल पंचायत में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पोठिया प्रखंड के टिप्पीझाड़ी, नौकट्टा सहित शुक्रवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों के 13 ग्राम संगठनों में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

महिला संवाद कार्यक्रम में अब तक 31,040 आकांक्षाएँ दर्ज की गई हैं। महिला संवाद मोबाइल ऐप के माध्यम से इन आकांक्षाओं को कार्यक्रम में दर्ज किया गया है। दर्ज आकांक्षाओं को सरकार के संबंधित विभागों, जिला प्रशासन को स्थानांतरित किया जा रहा है, जिससे इन आकांक्षाओं पर आगे कार्य निष्पादन किया जा सके।

64 दिन चले महिला संवाद कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण की दिशा में सरकार द्वारा चलाई जा रही महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी दी गई। जागरूकता वाहन में लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से वीडियो फ़िल्म दिखाकर महिलाओं को जागरूक किया गया। महिलाओं के लिए चलाई जा रही सभी योजनाओं की जानकारी से युक्त लीफ़लेट उनके बीच वितरित किए गए।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *