राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
किशनगंज जिले में शराब तस्करों और पियक्कड़ों के विरुद्ध उत्पाद विभाग का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इस दौरान उत्पाद विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 1152 लीटर विदेशी शराब बरामद किया। साथ ही दो अभियुक्त को गिरफ्तार किया। उत्पाद थाना अध्यक्ष संगम कुमार विद्यार्थी ने बताया कि जिला पदाधिकारी के माध्यम से गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रक से भरा हुआ विदेशी शराब पास करने वाला है। इस दौरान उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर एक टीम गठित किया गया। जिसमें अवर निरीक्षक कुंज बिहारी सिंह, सहायक अवर निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में रामपुर चेक पोस्ट पर सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच अभियान के दौरान एक ट्रक को रोक कर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में लदे 1152 लीटर विदेशी शराब बरामद किया गया। साथ ही दो अभियुक्त रंजीत कुमार और अखिलेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। यह लोग पश्चिम बंगाल से शराब लेकर समस्तीपुर जा रहा था। वही उत्पाद विभाग के द्वारा आगे के कार्रवाई करते हुए कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों गिरफ्तार तस्कर को सदर अस्पताल ले जाकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया। मेडिकल जांच के उपरांत न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
