राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने तीन दिवसीय सीमांचल दौरे के दूसरे दिन, यानी गुरुवार को किशनगंज के पूरब पल्ली स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की।
मालूम हो कि श्री शाह माता गुजरी मेडिकल कॉलेज में रात्रि विश्राम के बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हनुमान मंदिर पहुंचे और विधिवत पूजा-अर्चना कर देश में सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
मंदिर के पुरोहित कमलेश झा ने बताया कि उन्होंने श्री शाह को विधिवत पूजा करवाई, जिसके बाद उन्होंने प्रसाद ग्रहण किया। पुरोहित ने कहा कि पूजा-अर्चना के बाद श्री शाह काफी प्रसन्न दिखाई दे रहे थे।
वहीं भाजपा प्रवक्ता सुबोध महेश्वरी ने बताया कि हनुमान मंदिर लगभग 80 वर्ष पुराना है और क्षेत्र में इसकी काफी मान्यता है। उन्होंने कहा कि हम सभी के लिए यह गर्व और उत्साह का विषय है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यहां पूजा-अर्चना की।
उन्होंने बताया कि मंदिर समिति की ओर से श्री शाह को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उद्योग सह पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
