• Mon. Sep 15th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

महिला संवाद में गूंजी बदलाव की आवाज़: योजनाओं से सशक्त हो रही किशनगंज की महिलाएं।

राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।

महिला संवाद कार्यक्रम में पोठिया प्रखंड के मिर्जापुर पंचायत की राधिका कुमारी ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें कृषि कार्य में रुचि थी। सुजान जीविका स्वयं सहायता समूह से ऋण लेकर उन्होंने खुद की और बटाई पर जमीन लेकर खेती–बाड़ी को बढ़ाया। इससे उन्हें साल भर में अच्छी आमदनी हो जाती है। उन्होंने बताया कि वे कृषि क्षेत्र में कार्य करना चाहती थीं। आवेदन और परीक्षा के उपरांत उनका चयन ग्राम संसाधन सेवी के रूप में हुआ।

जीविका के माध्यम से उन्हें उन्नत वैज्ञानिक विधि से कृषि कार्य का प्रशिक्षण मिला। अब वे अपने गांव पंचायत में अन्य किसानों को भी आधुनिक विधि से कृषि कार्य की जानकारी दे रही हैं। इससे जहां किसानों को लाभ हो रहा है, वहीं उन्हें भी इस कार्य के लिए मानदेय प्राप्त हो रहा है और अपनी एक अलग पहचान मिली है। आर्थिक स्वावलंबन से उनके जीवन में खुशहाली आई है।

महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाएं बेझिझक अपना अनुभव साझा कर रही हैं। वे सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर किए गए कार्यों और अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के बारे में बता रही हैं।

कार्यक्रम में महिलाओं ने आरक्षण नीति से मिले लाभ, सड़क, बिजली, पानी की समस्याओं के समाधान, आवास, छात्रवृत्ति, पोशाक और पेंशन राशि में वृद्धि जैसे मुद्दों पर भी खुलकर चर्चा की। वे अपने गांव–पंचायत में चल रही विभिन्न सरकारी योजनाओं पर भी बात रख रही हैं।

महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाएं अपनी उन्नति के प्रति सजग और जागरूक नजर आईं। वे महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ लेकर विकास के पथ पर दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रही हैं। यही इस कार्यक्रम का उद्देश्य भी है — राज्य सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों से गांव–टोले की महिलाओं को अवगत कराना, ताकि वे अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।

कार्यक्रम के दौरान सरकार की योजनाओं से संबंधित प्रेरणादायक व मनोरंजक वीडियो फिल्में दिखाकर महिलाओं को जागरूक किया गया। साथ ही, लीफलेट वितरित कर महिला सशक्तिकरण की दिशा में सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *