• Mon. Dec 8th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

किशनगंज में महिला संवाद कार्यक्रम का व्यापक प्रभाव: 35 हजार से अधिक महिलाओं ने की भागीदारी।

राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।

महिला संवाद कार्यक्रम के ग्यारहवें दिन, बीस ग्राम संगठनों में संवाद आयोजित किया गया। किशनगंज जिले में अब तक एक सौ नब्बे ग्राम संगठनों में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिसमें 35 हजार से अधिक महिलाएँ शामिल हुईं। अठारह अप्रैल से शुरू हुए महिला संवाद कार्यक्रम को सातों प्रखंडों के विभिन्न ग्राम संगठनों में प्रतिदिन आयोजित किया जा रहा है। महिला संवाद कार्यक्रम के जरिए महिलाएँ अपने परिवार, गांव, पंचायत की समस्याओं और आकांक्षाओं को उठा रही हैं। महिला संवाद कार्यक्रम उन्हें मंच प्रदान कर रहा है।

किशनगंज सदर प्रखंड के महीनगाँव पंचायत की सोनी देवी ने बताया कि आशा फेसिलिटेटर के रूप में उन्हें काम मिला है। नियमित आमदनी होने लगी तो बच्चों को पढ़ाने-लिखाने में मदद मिली। लड़की स्नातक कर रही है। स्कूल से कॉलेज तक उसे भी सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला है। दो बेटे पढ़-लिखकर नौकरी कर रहे हैं। घर में आमदनी के कई स्रोत होने से अब आर्थिक स्थिति अच्छी हुई है। सरकार की योजनाओं की मदद से इतनी प्रगति कर पाए हैं।

महिला संवाद कार्यक्रम में टेढ़ागाछ, दिघलबैंक प्रखंड की महिलाओं ने किशनगंज जिले में जूट (पटसन) की खेती और उत्पादन को ध्यान में रखते हुए बोरा बनाने की फैक्ट्री की आकांक्षा व्यक्त की। ताकि इस क्षेत्र के किसानों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके और रोजगार के साधन विकसित हो सकें। यहाँ से कच्चा माल अन्य राज्यों में भेजा जाता है, जिससे किसानों को अच्छी कीमत और जिले के स्थानीय लोगों को लाभ नहीं मिल पाता है। फैक्ट्री लगने से इन्हें लाभ मिलेगा।

महिला संवाद कार्यक्रम में जागरूकता रथ के माध्यम से सरकार की योजनाओं की जानकारी पर आधारित वीडियो दिखाई जा रही है। महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा चलाए जा रहे योजनाओं की जानकारी युक्त लीफलेट भी दिया जा रहा है। महिला संवाद कार्यक्रम में टेढ़ागाछ प्रखंड के डाकपोखर पंचायत की सुजाता कुमारी ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ लेकर वे उच्च शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। इससे उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिल रही है। महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाएँ खुलकर अपनी बातें रख रही हैं। बेबाकी से वे अपने विचार व्यक्त कर रही हैं। विभिन्न ग्राम संगठनों में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में गाँव-टोलों की स्थानीय आकांक्षाएँ और समस्याएँ भी सामने आ रही हैं। मंगलवार को भी महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *