राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।
किशनगंज प्रखंड के दौला पंचायत अंतर्गत मंझोक गांव के वार्ड संख्या 14 में घरेलू विवाद के चलते पंचमी देवी नामक एक महिला ने जहर का सेवन कर लिया। फिलहाल उनका इलाज किशनगंज सदर अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार, पंचमी देवी का अपने पति झपटिया कुमार शर्मा के साथ किसी बात को लेकर मनमुटाव हो गया था। इसी के चलते उन्होंने घर में रखे कीटनाशक का सेवन कर लिया। जहर का सेवन उन्होंने पति की गैरमौजूदगी में किया, जिससे पति को घटना का तत्काल पता नहीं चल सका।
जब पंचमी देवी की तबीयत बिगड़ने लगी, तो पति ने उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया, यह सोचकर कि उनकी पत्नी को ठंड लग गई होगी। वहां उन्हें गर्मी के दो इंजेक्शन दिए गए। हालांकि, करीब आधे घंटे बाद महिला ने अपने पति को जहर सेवन की बात बताई।
इसके बाद, पति और परिजनों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को किशनगंज सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के डॉक्टरों ने तुरंत उपचार कर महिला की जान बचा ली। फिलहाल, महिला का इलाज जारी है।