• Thu. Feb 5th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

किशनगंज में महिलाओं ने बेबाकी से रखी अपनी बातें, विकास योजनाओं से मिली प्रेरणा।

राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।

महिला संवाद कार्यक्रम में स्थानीय एवं नीतिगत मुद्दों पर बेबाकी से महिलाएँ अपनी आकांक्षा व्यक्त कर रही हैं। टेढ़ागाछ प्रखंड के चिलहनिया पंचायत की महिलाओं ने रतुआ नदी में कटाव की समस्या और उससे होने वाली क्षति की बात रखी। इस संबंध में स्थायी प्रयास किए जाने को लेकर अपनी आकांक्षा व्यक्त की। वहीं, ए.एन.एम. की पढ़ाई कर रही सुषमा कुमारी (चिलहनिया पंचायत) ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ लेकर वे उच्च शिक्षा प्राप्त कर पा रही हैं। घर की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे स्कूल के बाद आगे की पढ़ाई कर पातीं। महिला संवाद कार्यक्रम में उन्होंने किशनगंज जिला में उच्च शिक्षण संस्थानों के खुलने से जुड़ी अपनी आकांक्षा भी व्यक्त की, ताकि यहाँ के छात्र–छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए बाहर नहीं जाना पड़े।

गुरुवार को टेढ़ागाछ प्रखंड के चिलहनिया एवं बैगना पंचायत के सूरज और उर्मिला ग्राम संगठन में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। किशनगंज जिला के सातों प्रखंड में चरणबद्ध तरीके से महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिले में अब तक 110 ग्राम संगठनों में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा चुका है। चरणबद्ध तरीके से 1262 ग्राम संगठनों में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाना है।

महिला संवाद कार्यक्रम, महिलाओं को अपनी समस्या, सुझाव, आकांक्षा रखने का मंच प्रदान कर रहा है। महिला संवाद कार्यक्रम में अपना अनुभव साझा करते हुए महीनगांव पंचायत, सदर प्रखंड की मिरातुल खातून ने बताया कि वे आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आती हैं। घर में पढ़ाई के लिए समुचित संसाधन और माहौल नहीं था। वे पढ़ना चाहती थीं। सरकारी विद्यालय में मध्याह्न भोजन योजना से भोजन, पोशाक, साइकिल, छात्रवृत्ति का लाभ लेकर अपनी पढ़ाई पूरी कर पाईं। मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना से दसवीं पास करने पर 10 हजार, बारहवीं करने पर 25 हजार रुपया प्राप्त हुआ। इस वर्ष उन्होंने स्नातक पास किया है। उन्हें इस योजना के तहत 50 हजार रुपया मिलने वाला है।

सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिल रही है। महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाओं के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी, वीडियो–फिल्म एवं लीफलेट के माध्यम से दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *