• Fri. Mar 27th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

चैत्र नवरात्र की नवमी पर शक्ति की उपासना, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।

राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।

चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर शुक्रवार को महानवमी के दिन किशनगंज शहर पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। जिले के विभिन्न शक्तिपीठों और पूजा पंडालों में माँ दुर्गा के नौवें स्वरूप ‘माँ सिद्धिदात्री’ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।

सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं, जहां भक्तों ने सपरिवार पहुँचकर माता रानी के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की। शहर के ऐतिहासिक और प्रमुख मंदिरों में विशेष आयोजन किए गए।

बड़ी कोठी दुर्गा मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ ने माता के दर्शन किए और हवन-पूजन में भाग लिया। शीतला मंदिर और रेलवे कॉलोनी दुर्गा मंदिर में भव्य श्रृंगार और विशेष आरती का आयोजन हुआ।

डुमरिया काली मंदिर और देवघाट खगड़ा दुर्गा मंदिर में स्थानीय समितियों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी, जहां भारी संख्या में भक्तों ने पुष्प और प्रसाद अर्पित किए।

इसके अतिरिक्त शहर के अन्य पूजा पंडालों में भी वैदिक मंत्रोच्चार के साथ माँ सिद्धिदात्री का आह्वान किया गया। नवमी के अवसर पर कई स्थानों पर कन्या पूजन और भंडारे का भी आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।

शाम होते-होते मंदिरों की रोशनी और माता के भजनों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *