• Sun. Sep 14th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

नेपाल से बाढ़ की समस्या पर विदेश मंत्री एस जयशंकर से मिले विवेक ठाकुर।

सारस न्यूज टीम, सारस न्यूज।

बिहार के कई हिस्से मानसून के दस्तक देते ही बाढ़ की त्रासदी झेलने को मजबूर हो जाते हैं। खासकर बिहार के कोसी क्षेत्र में बाढ़ की विभीषिका ज्यादा देखने को मिलती है।

इसी समस्या को लेकर बीजेपी के राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर ने दिल्ली में विदेश मंत्री एस जयशंकर से औपचारिक मुलाकात की और इन्हें नेपाल से छोड़े जाने वाले पानी के मुद्दे से अवगत कराया। साथ ही बिहार में नेपाल के कारण आने वाली बाढ़ और अन्य विषयों पर चर्चा की। विवेक ठाकुर ने सर्वप्रथम विदेश मंत्री को अमेरिका में भारत की बात मजबूती से रखकर सशक्त विदेश नीति का संदेश देने के लिए बधाई एवं साधुवाद दिया। साथ ही पड़ोसी देश को संकट की घड़ी में जो भारत ने पड़ोसी धर्म निभाया उस उत्कृष्ट विदेश नीति के लिए अभिनंदन किया।

उन्होंने उत्तर बिहार में दशकों से नेपाल के कारण आने वाली बाढ़ की समस्या की विदेश मंत्री को विस्तृत जानकारी दी। कहा कि देश में बिहार उन राज्यों में आता है, जो बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। उत्तर बिहार की लगभग पांच करोड़ आबादी हर साल बाढ़ से परेशान रहती है। भारत-नेपाल के बीच कुछ मुद्दों पर दशकों से समझौता नहीं होने के कारण इस समस्या का हल नहीं हो पा रहा है।

विषय की गंभीरता को समझते हुए विदेश मंत्री ने अपनी सहमति जताई और आश्वस्त किया कि जल्द ही अधिकारियों का एक शिष्टमंडल नेपाल जाकर बिहार में नेपाल के कारण आने वाली समस्या पर बात करेगा। लंबित मुद्दों पर समझौता कर समस्या का निराकरण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *