सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
सिलीगुड़ी महकमा के बंगाल – बिहार और खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र के चक्करमारी में घर वाले और राहगीरों को धूल के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर गुरुवार को स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने के बाद खोरीबाड़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इस संबंध में स्थानीय गोविंद राय, नीरेन बर्मन ने कहा कि उड़ने वाली धूल के गुबार से चक्करमारी से गुजरने वाले राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों वे पैदल यात्रा करने वाले लोगों को। धूल के गुबार से सड़क के आसपास के व्यवसायी व इलाके के लोग भी खासा परेशान दिख रहे हैं। कभी-कभी तो भारी वाहनों के गुजरने से सड़क पर धूल का ऐसा गुबार उमड़ता है कि पांच फीट की दूरी पर देखना मुश्किल हो जाता है। उड़ती धूल के कारण लोग एलर्जी का शिकार हो रहे हैं। वहीं आंख की बीमारियां भी बढ़ सकती है। इसके अलावा इसका असर फसलों और मवेशियों पर भी पड़ रहा है। इसके बावजूद अधिकारी उदासीन बने हुए हैं। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे खेतों में लगी फसल की पैदावार में कमी होगी। इसका बुरा असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। कहा जा रहा है कि धूलकन से सीधा प्रदूषण से रिश्ता है। इससे वातावरण प्रदूषित हो रहा है।मालूम हो कि इस रास्ते होकर गुजरने वाले , बस, ट्रक, पिकअप आदि वाहनों की रफ्तार के साथ उड़ती धूल के कारण पर्यावरण प्रदूषण को नुकसान पहुंचा रहा है।
