सारस न्यूज, किशनगंज।
नगर विकास आवास विभाग बिहार सरकार के निर्देशानुसार दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के द्वारा नगर पंचायत ठाकुरगंज बस स्टैंड के समीप सामुदायिक भवन में निःशुल्क अस्थाई आश्रय स्थल का शुभारंभ किया गया। उक्त अस्थाई आश्रय स्थल का उद्घाटन मुख्य पार्षद श्रीकृष्ण सिंह उर्फ सिकंदर पटेल द्वारा किया गया।
इस मौके पर मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल ने आश्रय स्थल के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि आगामी बढ़ते ठंड के निमित फुटपाथ पर सोने वाले गरीब, जरूरतमंद व असहाय लोगों को निःशुल्क रहने की व्यवस्था किया गया है जिससे ठंड से बचा जा सके। उन्होंने बताया कि ठंड के दौरान एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने वाले राहगीरों को वाहन नहीं मिलने की स्थिति में रात में ठंड से बचने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता था। ऐसे लोगों की मुसीबत को देखते हुए अस्थाई आश्रय स्थल की व्यवस्था की गई है। ठाकुरगंज बस स्टैंड के समीप नगर पंचायत के सामुदायिक भवन में जाड़े के मौसम में राहगीरों को ठंड से बचाव के लिए यह व्यवस्था की गई है। यह व्यवस्था पूरी तरह नि:शुल्क है। जाड़े के मौसम में दूरदराज से आए लोगों को घर जाने के लिए कोई संसाधन उपलब्ध नहीं है, वैसे राहगीर नगर उक्त अस्थाई आश्रय स्थल में जाकर रात गुजार सकते हैं। अपना आधार कार्ड या कोई अन्य पहचान पत्र दिखाकर रात्रि विश्राम के राहगीर वहां ठहर सकता है। फिलहाल भवन में लोगों के ठहरने के लिए दस बेड की व्यवस्था की गई है। बेड पर बिछावन, चादर, तकिया एवं कंबल की समुचित व्यवस्था है। साथ ही शौचालय, पानी एवं बिजली की समुचित व्यवस्था है। इन सुविधाओं के लिए कोई शुल्क नगर पंचायत की ओर से नहीं लिया जाएगा। यदि राहगीर को खाना खाने का मन हो तो न्यूनतम चार्ज पर उन्हें भोजन भी उपलब्ध कराया जाएगा। यात्री आराम से रात में ठहर कर ठंड से बच सकते हैं और अगले सुबह अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान कर सकते है। निःशक्त लोग भी ठंड से बचाव को लेकर नगर पंचायत के अस्थाई आश्रय स्थली में शरण ले सकते हैं।
वहीं इस मौके पर मुख्य पार्षद श्रीकृष्ण सिंह उर्फ सिकंदर पटेल, उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि कृष्ण कुमार सिन्हा, पार्षद अमित कुमार सिन्हा, पार्षद प्रतिनिधि खालिक अंसारी, मनोज चौधरी व शंभू लाल राय, पूर्व पार्षद अनिल महाराज व राजेश पंडित सहित कार्यक्रम में संबंधित नगर मिशन प्रबंधक सत्यानंद सिंह, सामुदायिक संगठन शाहबाज आलम एवं सीआरपी काजल पासवान, संजू कुमारी सिंह, कविता साह, दिव्या गिरि, खुशबू मंडल, केयरटेकर राज कुमार एवं चंदन गिरि उपस्थित थे।
