सारस न्यूज, किशनगंज।
गत 1 नवंबर 2023 को लाटगाछ में युवक के हत्या मामले में नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं किए जाने के विरोध में गुरुवार को मृतक के स्वजनों सहित नेकनागाछ के दो दर्जन से भी अधिक लोगों ने गलगलिया थाना पहुंच न्याय की गुहार लगाई। इस दौरान मृतक सुत्तम सिंह के स्वजनों एवं मृतक के गांव नेकनागछ के पुरूष व महिला ग्रामीणों ने जस्टिस फॉर सुत्तम एवं हत्यारा को सजा दो की तख्ती लेते हुए गलगलिया पुलिस से नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी की मांग की। थाना पहुंचे लोगों में पुलिस के प्रति गुस्सा था। उनका कहना था कि पुलिस इस हत्याकांड मामले में तत्पर नहीं है जिस कारण कांड के अभियुक्तों का गिरफ्तारी नहीं हो पा रही है। मौके पर मौजूद थानाध्यक्ष राहुल कुमार से गुहार लगाते हुए लोगों ने कहा कि मृतक सुत्तम सिंह के हत्यारे को जल्दी से जल्दी गिरफ्तार कर हमें न्याय दे, अन्यथा हमसभी जिला के पुलिस कप्तान के पास अपनी बात को रखने के लिए बाध्य होंगे।
वहीं मृतक के भाई एवं उक्त कांड के वादी गौतम कुमार सिंह ने बताया कि गत 1 नवंबर रोज बुधवार की संध्या गलगलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लाटगच्छ में मेरे भाई सुतम सिंह ( उम्र 27 वर्ष) की हत्या मामले में 15 दिन से भी अधिक समय बीत जाने के बाद भी से अधिक समय बीत जाने के बाद भी छः नामजद अभियुक्तों में से एक ही आरोपी की गिरफ्तारी कर खानापूर्ति कर दी गई है जबकि अन्य 5 नामजद अभियुक्त खुले में घुम रहे हैं। गलगलिया पुलिस कुछ भी नहीं कर रही हैं। मृतक के स्वजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि मृतक की बेहरमी से हत्या एक साजिश के तहत की गई है। अब पुलिस की जवाबदेही है कि सभी आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार करे।ज्ञात हो कि गत 1 नवंबर रोज बुधवार की संध्या गलगलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लाटगछ में नेकनागछ गांव के सुतम सिंह ( उम्र 27 वर्ष) की हत्या कर दी गई थी। उक्त हत्या मामले में मृतक के भाई गौतम कुमार सिंह ने गलगलिया थाने में छः नामजद अभियुक्त 1. राजेश महतो (करीब 25 वर्ष) पिता महानंद महतो, 2.वीरू राय (उम्र करीब 26 वर्ष) पिता राम कलेश राय, 3.नरेंद्र सिंह (उम्र करीब 40 वर्ष) पिता शंकर सिंह, 4.हरि किशन सहनी (उम्र करीब 38 वर्ष) पिता दरोगा सहनी, 5. अतुल सिंह (उम्र करीब 28 वर्ष) पिता कुमार सिंह, 6. चेरचूरू सिंह (उम्र करीब 36 वर्ष) पिता भूवेन सिंह के साथ-साथ अन्य कई व्यक्ति पर वाद दर्ज कर अपने भाई की मौत पर न्याय की गुहार लगाई थी।
वहीं गलगलिया थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि उक्त हत्याकांड मामले में गलगलिया पुलिस द्वारा एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस निरंतर सभी नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए तत्पर हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी हेतू छापेमारी में जुटी हुईं हैं। बहुत जल्द सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।