सारस न्यूज, किशनगंज।
जन सुराज पदयात्रा के 220वें दिन की शुरुआत वैशाली जिले के महनार प्रखंड अंतर्गत गोरिगांव पंचायत स्थित पदयात्रा शिविर में सर्वधर्म प्रार्थना से हुई। उसके बाद प्रशांत किशोर ने स्थानीय पत्रकारों के साथ संवाद किया। पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने अपने पदयात्रा का अनुभव साझा किया। जन सुराज पदयात्रा के माध्यम से प्रशांत किशोर 2 अक्तूबर 2022 से लगातार बिहार के गांवों का दौरा कर रहे हैं। उनकी पदयात्रा अबतक लगभग 2500 किमी से अधिक की दूरी तय कर चुकी है। पश्चिम चंपारण से शुरू हुई पदयात्रा शिवहर, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण होते हुए वैशाली जिले पहुंची है। वैशाली में पदयात्रा अभी 2 दिन और चलेगी और इस दौरान अलग-अलग गांवों और प्रखंडों से गुजरेगी।
जन सुराज पदयात्रा के दौरान वैशाली के महनार में मीडिया संवाद के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि अगर प्रशांत किशोर नेताओं और दलों को सलाह देकर जीत दिला सकते हैं तो, भरोसा रखिए बिहार की जनता को भी जीत दिला सकता हूं। इस पूरे अभियान में यह कहा जा रहा है कि जनता के बीच से ऐसे लोगों को ढूंढ़कर निकालेंगे और उनके साथ अपनी पूरी शक्ति, बुद्धि और संसाधन लगाएंगे और उनको जीता कर लाएंगे। जब कोई ईमानदार व्यक्ति जीतकर आएगा तभी स्थिति में सुधार आएगा। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव पूरी तरह से जनता पर निर्भर करेगा। अगर लोगों को लगेगा की विकल्प की जरूरत है तो उसकी मदद हम करेंगे जैसे पिछले 5 जिलों में जब हम पदयात्रा कर रहे थे तो वहां एमएलसी का चुनाव था और लोगों ने तय किया कि ये आफाक अहमद अच्छे आदमी हैं, इनकी मदद करनी चाहिए। जन सुराज ने शिक्षक निर्वाचन के चुनाव में आफाक की मदद की और वो चुनाव जीत गए। आने वाले 2024 में हो रहे लोकसभा के चुनाव में लोग अगर तय करेंगे कि चुनाव लड़ना चाहिए तो उनकी मदद हम करेंगे।
प्रशांत किशोर का लोकसभा चुनाव लड़ने पर बड़ा बयान, बोले – लोकसभा लड़ने का फैसला पूरी तरह से लोगों पर निर्भर, लोग कहेंगे किसी की मदद करनी है तो जन सुराज मदद करेगा।
