सारस न्यूज टीम, वैशाली।
बिहार के वैशाली में रविवार की रात बड़ा हादसा हो गया। महनार हाजीपुर मुख्य मार्ग पर देसरी थाना क्षेत्र के नयागांव टोला के नजदीक एक अनियंत्रित ट्रक चालक ने सड़क किनारे पूजा कर रहे करीब एक दर्जन लोगों को रौंद दिया। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई है। कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। दर्दनाक हादसे में मरने वाले बच्चे अधिक है। इस दिल दहला देने वाली घटना में मौके पर ही मिट्ठू राय की आठ वर्षीय पुत्री वर्षा कुमारी, सुरेंद्र राय की 12 वर्षीय पुत्री सुरुचि कुमारी, मनोज राय की आठ वर्षीय पुत्री अनुष्का कुमारी, संजय राय की आठ वर्षीय पुत्री शिवानी एवं 10 वर्षीय पुत्री खुशी कुमारी, रविंद्र राय के 20 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार, सुरेश राय की 10 वर्षीय पुत्री कोमल कुमारी एवं उमेश राय के 17 वर्षीय पुत्र सतीश कुमार की मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि घायलों में भी कई लोगों की हालत गंभीर है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया है। घायलों में आठ और छह साल की बच्ची भी शामिल है। एक साथ दर्जनभर लोगों को रौंदने के कारण मौके पर अफरातफरी मच गई। लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ट्रक चालक फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी होने पर देसरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मिली जानकारी के अनुसार रविवार की रात कुछ लोग महनार हाजीपुर मुख्य मार्ग पर देसरी थाना क्षेत्र के नयागांव टोला के नजदीक एक पेड़ के नीचे पूजा कर रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से एक ट्रक आया और सभी को रौंद दिया। कुचलने के बाद ट्रक पास के पीपल के पेड़ से टकरा गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की। अफरातफरी के बीच घायलों का तुरंत स्थानीय लोगों ने मदद करते हुए अस्पताल पहुंचाने में मदद की।