सारस न्यूज, वेब डेस्क।
बेतिया के चनपटिया में गिद्धा पंचायत के वार्ड-4 के दिव्यांग ग्राम पंच नगीना महतो की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उनका शव एक खेत से बरामद हुआ है। थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि पहली नजर में पंच की हत्या गला दबाने से प्रतीत हो रही है। चेहरे और हाथ पर जख्म के निशान हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल सकेगा। पत्नी फूलकुमारी देवी की शिकायत पर गांव के ही वार्ड सचिव नारायण महतो के पुत्र अवध किशोर महतो और अन्य पर एफआईआर कराई गई है। पूर्व विवाद की वजह से पंच की हत्या की गई है ऐसा कहा जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक रविवार से गायब पंच की खोजबीन करने निकले परिजनों को गिद्धा बुनियादी विद्यालय के समीप शीशम के पेड़ के नीचे उनकी लाठी दिखी, वहीं सड़क के दूसरी तरफ खेत में लगे धान के पौधों पर घसीटे जाने का चिह्न देख परिजनों को शक हुआ। वे इसके सहारे आगे बढ़े तो कुछ दूरी पर पंच का गमछा मिला। फिर थोड़ा आगे बढ़ने पर धान के खेत में फेंका गया शव मिला। परिजनों ने उन्हें पहचान लिया। उसके गले पर काला और मुंह पर जख्म के निशान थे।