सारस न्यूज टीम, सारस न्यूज, आरा।
7 मार्च को आरा के गजराजगंज ओपी के बीबीगंज बाजार में दिनदहाड़े दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक लूटकांड का भांडाफोड़ करते हुए पुलिस ने लूट में शामिल 6 लूटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी लूटेरों को नगर थाना के आरा-सलेमपुर रोड स्थित अल-हफीज कॉलेज के पास से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लूटेरों के पास से पुलिस ने लूटे गए 3 लाख 6 हजार रुपये, एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, 3 कारतूस, 6 मोबाइल, लूट में प्रयुक्त 2 बाइक, लूटे गए पैसों से खरीदी गई एक कार सहित अन्य सामान बरामद किये है। इस बात की जानकारी देते हुए भोजपुर एसपी विनय कुमार ने बताया की आरा एएसपी हिमांशु के नेतृत्व में बनी टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान और घटनास्थल सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से लूटेरों की पहचान करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लूटेरों के नाम आरा के नगर थाना के एमपी बाग निवासी सूरज, वार्ड संख्या 10 निवासी जैकी कुमार, नवादा थाना के बहिरो निवासी आनंद कुमार और रूपेश पासवान, आरा के रामपुर निवासी प्रवीण कुमार और कोईलवर के वीरमपुर निवासी निखिल कुमार हैं जिन्होंने बैंक लूट की घटना में अपनी संलिपत्ता स्वीकार कर ली है।
