सारस न्यूज, वेब डेस्क।
एक दर्दनाक खबर मुजफ्फरपुर से सामने आई है, जहां बच्चों से भरी एक नाव बागमती नदी में पलट गई है। बताया जा रहा है कि इस हादसे में 16 बच्चे लापता हैं। जिनकी तलाश की जा रही है। वहीं हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
इस घटना को लेकर बताया जा रहा है गायघाट के बेनीबाद ओपी क्षेत्र के मधुपट्टी घाट पर यह हादसा हुआ है। लोगों का कहना है कि नाव पर 33 बच्चे मौजूद थे। लेकिन बागमती नदी में यह नाव अचानक से पलट गई। 17 बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। लेकिन अभी भी 16 बच्चों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। लापता बच्चों की तलाश अभी जारी है।
गायघाट और बेनीबाद ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि नाव पर क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया गया था। इस कारण नदी के बीच में पहुंचने पर वो डगमगाने लगी। फिर नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। नाविक और उसके सहयोगी ने पहले कुछ बच्चों को बचा लिया। इसके बाद स्थानीय लोग भी नदी में कूदे किसी तरह कुछ बच्चों को बाहर निकाला गया। बाकी बच्चों का अभी तक कुछ पता नही चला है।