• Thu. Dec 11th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

हिमाचल में बारिश से 242.61 करोड़ संपत्ति का हुआ नुकसान, अब तक 24 लोगों की गई जान।

By

Jul 3, 2023 #मानसून

सारस न्यूज़, किशनगंज।

 हिमाचल प्रदेश में मानसून की बारिश से अबकी बार जान-माल को भारी नुकसान पहुंचा है। राज्य में बारिश से सड़कों, पानी की परियोजनाओं सहित अन्य संपत्तियों को भारी क्षति हुई है। बारिश से अबकी बार प्रदेश में 113 करोड़ की सड़कें बह गई हैं। राज्य में अभी भी 60 सड़कें बंद पड़ी हुई हैं, इससे कई इलाकों में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

पीडब्ल्यूडी पर बरसा बारिश का कहर
हिमाचल में मानसून की बारिश कहर बरपा रही है। बारिश से हिमाचल में भारी नुकसान हुआ है। प्रदेश में अब तक बारिश से 242.61 करोड़ का नुकसान हुआ है। सबसे अधिक 113.19 करोड़ का नुकसान पीडब्ल्यूडी को हुआ है। पीडब्ल्यूडी के मंडी जोन के तहत 38.57 करोड़ का नुकसान आंका गया है, जबकि हमीरपुर जोन के तहत 38.16 करोड़ का नुकसान हुआ है। शिमला जोन के तहत सड़कों को 16.01 करोड़ का जबकि कांगडा जोन के तहत 16.13 करोड़ से अधिक की क्षति सड़कों को पहुची है और इनके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग को करीब 4.29 करोड़ का नुकसान बारिश से हुआ है।

अभी भी 60 सड़क मार्ग अवरूद्ध
 हिमाचल में भारी बारिश से जगह-जगह भूस्खलन होने से कई सड़कें बंद हो गई हैं। प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में अभी भी 60 सड़कें बंद पड़ी हैं, जिनमें ज्यादातर सड़कें ग्रामीण इलाकों में अवरुद्ध हुई हैं। सबसे ज्यादा 34 सड़कें पीडब्ल्यूडी के मंडी जोन के तहत बंद हैं। जबकि शिमला जोन में 12 सड़कें, कांगड़ा जोन में 5 सड़कें और हमीरपुर जोन के तहत 9 सड़कें अभी भी बंद हैं। हिमाचल से भारी बारिश से सड़कों के बंद होने से लोगों के लिए यातायात भी ठप पड़ गया है।

बारिश से जल शक्ति विभाग को 100.97 करोड़ का नुकसान
प्रदेश में भारी बारिश से जल शक्ति विभाग के तहत 1635 परियोजनाएं क्षतिग्रस्त हुई है, जिनमें करीब 1318 पेयजल परियोजनाएं हैं, जिनको बहाल करने का काम जारी है। अभी तक जल शक्ति विभाग ने 1313 परियोजनाएं बहाल की हैं। इसके बाद भी अभी 5 परियोजनाएं बंद हैं। इसके अलावा सिंचाई की भी 284 परियोजनाएं बारिश से क्षतिग्रस्त हुई है। सीवरेज की 23 व 10 अन्य परियोजनाएं भी बारिश के कारण डैमेज हुई हैं। मानसून ने जल शक्ति विभाग को 100.97 करोड़ का नुकसान पहुंचाया है।

प्रदेश में बारिश में 24 लोगों, 353 पशुओं की गई जानें
 प्रदेश में भारी बारिश में कई लोगों और पशुओं को जान गंवानी पड़ी है। बारिश में अब तक 24 लोगों की जानें गई हैं। शिमला जिले में सबसे ज्यादा 7 लोगों ने मानसून के इस कहर में अपनी जान गंवाई है। चंबा जिला में 4 लोग, हमीरपुर और कुल्लू में 3-3 लोग मौत का ग्रास बने हैं। मंडी और सोलन में 2-2 लोगों की मौत हुई है। इनके अतिरिक्त कांगड़ा, किन्नौर और ऊना में भी 1-1 लोगों की जान गई हैं। वहीं, अब तक भारी बारिश में 43 लोग भी घायल हुए हैं, जबकि प्रदेश में 353 भेड़-बकरियों व पशुओं की भी बारिश में जानें गई हैं।

48 मकान और 22 पशुशालाएं भी क्षतिग्रस्त
 हिमाचल में हुई भारी बारिश से रिहायशी व अन्य घरों को भी नुकसान हुआ है। प्रदेश में अब तक 48 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिनमें 6 मकान पूरी तरह से जबकि 42 मकान आंशिक तौर पर क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं, 2 दुकान पूरी तरह से डैमेज हुई हैं। भारी बारिश से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में 22 गौशालाएं भी ढह गई हैं।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *