
विशेष संवाददाता, सारस न्यूज़, दार्जिलिंग।
खोरीबाड़ी :- शनिवार को पूरे देश के साथ खोरीबाड़ी व नक्सलबाड़ी प्रखंड में भी भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती मनाई गई। इस दौरान सभी ने उनके देश हित में किए गए कार्यो को याद किया। वहीं भाजपा खोरीबाड़ी-बुढागंज मंडल की ओर से पार्टी कार्यालय में अटल बिहारी वाजपेयी की 97 वें जयंती मनाई गई। कार्यकर्ताओं ने उनके तस्वीर पर फूल चढ़ा व माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मौके पर खोरीबाड़ी-बुढागंज भाजपा मंडल अध्यक्ष कल्याण कुमार प्रसाद ने कहा कि आज का दिन भाजपा के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है क्योंकि आज के दिन एक ऐसे महापुरुष का जन्म हुआ था जो भारत के इतिहास में हमेशा अमर है और रहेंगे। उन्होंने कहा अटल जी बाल समय में ही संघ के संपर्क में आ गए और प्रचारक के रूप में जीवन राष्ट्र को समर्पित किया। वे एक सच्चे देशभक्त थे।

उन्होंने 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी के स्थापना के बाद प्रथम अध्यक्ष बने थे। उन्होंने चार दशक से ज्यादा समय संसद में व्यतीत किया। उन्होंने कहा विकास के मामले में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को अतुलनीय कहा जा सकता है। उनके किए गए योगदान की तुलना हम किसी भी व्यक्ति विशेष के कार्यों से नहीं कर सकते हैं। उनका बाकी कार्य व सपना शेष रह गया उसे प्रधानमंत्री मोदी ने अब पूरा कर दिखाया है। वाजपेयी ने राष्ट्र के नेता के रुप में विश्व में देश का मान बढ़ाया है। आगे उन्होंने कहा कि संसदीय इतिहास में वाजपेयी का योगदान भूलाया नहीं जा सकता है। इस मौके पर नेशनल कॉउंसिल के सदस्य गणेश चंद्र देवनाथ, भाजपा खोरीबाड़ी-बुढागंज मंडल अध्यक्ष कल्याण कुमार प्रसाद, उपाध्यक्ष अरुण दास, युवा मोर्चा अध्यक्ष तरुण सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।