सारस न्यूज, गलगलिया।
किशनगंज जिले से सटे पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर में एक भाजपा नेता की हत्या करने के बाद घटना के विरोध में भाजपा ने आज इस्लामपुर में 12 घंटे का बंद बुलाया है। आज रविवार को भाजपा के राज्य युवा मोर्चा के अध्यक्ष इंद्रनील खान ने सिलीगुड़ी में मृतक भाजपा नेता के परिवार से मुलाकात की है। बताया गया है कि शनिवार को इस्लामपुर में भाजपा नेता असीम साहा पर सरेआम धारदार हथियार से हमला किया गया था। उन्हें बचाने की कोशिश में एक अन्य व्यक्ति भी घायल हो गया था। घटना के बाद असीम साहा को गंभीर हालत में सिलीगुड़ी लाया गया था, जहां सिलीगुड़ी के एक नर्सिंग होम में उनकी मौत हो गई। भाजपा का आरोप है कि इस्लामपुर में जबरन वसूली का विरोध करने के दौरान उनकी हत्या की गई। आज सुबह इंद्रनील खान ने सिलीगुड़ी नर्सिंग होम में मृतक असीम साहा के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने घटना के आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग की। इंद्रनील खान ने आगे कहा कि इस राज्य में सिंडिकेट और जबरन वसूली चल रही है। कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गयी है। हमारे युवा मोर्चा के सक्रिय कार्यकर्ता असीम साहा ने इसका विरोध किया तो तृणमूल के गुंडों ने उनकी हत्या कर दी। इस लिए भाजपा ने इस्लामपुर में 12 घंटे का बंद बुलाया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना के विरोध में पूरे राज्य में आंदोलन किया जायेगा।
