सारस न्यूज, सिलीगुड़ी।
कालियागंज में भाजपा कार्यकर्ता की मौत के बाद पूरे राज्य भर के भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है।शुक्रवार को भाजपा द्वारा आहूत 12 घंटे बंगाल बंद का आह्वान किया गया। इसको लेकर सिलीगुड़ी शहर में सुबह से ही काफी तनाव का माहौल देखा जा रहा है। सुबह होते ही भाजपा कार्यकर्ता बंद के समर्थन में सड़कों पर उतर आए। भाजपा ने हिलकार्ट रोड पर रैली व सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही हाशमी चौक पर सड़क जाम कर विरोध जताया। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस ने भाजपा विधायक शंकर घोष और आनंदमय बर्मन को हिरासत में लिया है। भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को बस में बैठाया गया तो भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए। हिलकार्ट रोड पर एक सरकारी बस को रोक कर चालक को परेशान किया गया। इतना ही नहीं बस के शीशे तोड़ दिए गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज भी किया।