
बीरबल महतो, सारस न्यूज़, किशनगंज।
दार्जिलिंग जिले में जल्द ही कृषि विज्ञान केंद्र खुलने जा रहा है। दार्जिलिंग के बीजेपी सांसद राजू बिष्ट ने उक्त जानकारी देते हुए कहा कि अक्टूबर महीने में उन्होंने कृषि मंत्री से दार्जिलिंग में कृषि विज्ञान केंद्र स्थापित करने की मांग की थी। इसके बाद ही यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1993 में कालिम्पोंग में कृषि विज्ञान केंद्र स्थापित की गयी थी, तब कालिम्पोंग दार्जिलिंग जिले का हिस्सा था, लेकिन अब यह अलग- अलग दो जिले हैं। इस बारे में भी मंत्री महोदय का ध्यान आकृष्ट किया गया। इसके बाद दार्जिलिंग में अलग से कृषि विज्ञान केंद्र खोलने की स्वीकृति मिली है। राजू बिष्ट ने कहा कि यहां कृषि विज्ञान केंद्र के स्थापित होने से किसानों की कार्य क्षमता बढ़ने के साथ ही उत्पादन दर में वृद्धि होगी। इससे जिले के किसान तकनीकी तौर पर सक्षम होंगे व उनके कृषि आय में बढ़ोत्तरी होगी। उन्होंने कहा कि एक्सपेंडिचर फाइनेंस कमेटी की ओर से 2021-26 केवीके योजना के तहत जल्द से जल्द इसे मंजूरी दिए जाने की उम्मीद है। कृषि विज्ञान केंद्र को सौ फीसद अनुदान केंद्र सरकार से मिलेगी तथा इंडियन काउंसिल फॉर एग्रीकल्चर रिर्सच के तहत इसकी मान्यता होगी। इससे किसानों को विविध तरीके से सहयोग मिलेगा। जिले में खेती व बागवानी करने वाले किसानों को आवश्यक ट्रेनिंग मिलेगी। उनकी पारंपरिक खेती को तकनीकी मदद मिलेगी, जिससे वे आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेंगे। किसानों की आय बढ़ेगी तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बनेंगे। राजू बिष्ट ने इस प्रयास के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का धन्यवाद ज्ञापन किया है।