• Sun. Sep 14th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

पानीटंकी के रामधनजोत में नाली निर्माण कार्य कराने की ग्रामीणों ने की मांग।

चंदन मंडल, सारस न्यूज़, खोरीबाड़ी।

● नाली की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से होता है जलजमाव
● लोगों को मलेरिया, डेंगू बीमारियों का भी सता रहा है डर

खोरीबाड़ी : रानीगंज-पानीसाली ग्राम पंचायत अंतर्गत व भारत-नेपाल सीमा के पानीटंकी स्थित रामधन जोत में नाली की सुविधा नहीं होने से स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जलजमाव की समस्या दूर करने के लिए पंचायत समिति कभी आगे नहीं आए। रामधनजोत में जल निकासी व्यवस्था नहीं है। बारिश के समय तो इस इलाके में काफी दिक्कत होती है। बारिश से पूरा इलाका जलमग्न हो जाता है। जिससे रामधनजोत के स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में रामधनजोत के स्थानीय निवासी विपुल बर्मन, पूर्णिमा सरकार, प्रभाती बर्मन, इंद्र कुमारी भुजेल, सुमित्रा भुजेल, जीवन राय, भवानी बर्मन आदि ने बताया कि नाली की सुविधा न होने से अभी से ही घरों का पानी का जलभराव होने लगता है। जिसके कारण कीचड़ जमा हो जाता है। गांव के लोगों को रास्ता निकास में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नाली का निर्माण न होने से ग्रामीणों के घरों से निकलने वाले पानी का जगह-जगह जलभराव होने से कीचड़ होने के साथ-साथ जहां से गुजरने वाले गांव के बुजुर्गों, महिलाओं, पुरुषों और स्कूली पढ़ने जाने वाले बच्चों को रास्ता निकास में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही जलभराव होने से ग्रामीणों के घरों की नींव भी कमजोर हो रही है। जिससे कभी भी ह्मलोगों का घर ढहने से लोगों में हादसे की आशंका बनी हुई रहती है। सोनाली सरकार, मलीना महंतो ने बताया कि बारिश में पूरा इलाक़ा जलमग्न हो जाता है। घर के आंगन में जलजमाव हो जाता है। जिसके कारण हमलोगों को बाहर भीतर जाने का एक जरा सा मन नहीं करता है। जल जमाव होने के कारण मलेरिया, डेंगू जैसी बीमारियों के फैलने की डर सताए रहता है। उन्होंने कहा अभी ये हाल है। जबकि अभी तो बारिश का आगमन हुआ है। आगे पता नहीं कौन सी स्थिति से गुजरना पड़ सकता है। फिर भी किसी नेता व जनप्रतिनिधि का ध्यान नहीं है।

चुनाव के बाद नहीं होते हैं नेताओं के दर्शन:

स्थानीय लोगों ने बताया आजादी के 75 साल बीत चुके हैं। इस अवधि के दौरान कई चुनाव हो चुके हैं। यहां नेता वोट मागने के लिए आते हैं, और चले जाते हैं। हर समस्या की समाधान का वादे भी करते हैं, लेकिन चुनाव के बाद जैसे मानो सबकुछ खत्म हो जाता है। समस्या का समाधान करना तो दूर की बात है चुनाव के बाद नेताओं के दर्शन तक नहीं होते हैं। जनप्रतिनिधियों ने कभी भी इस समस्या को दूर करने की कोशिश नहीं की है।

पानीटंकी ओवर ब्रिज का बहकर आती है बारिश का पानी:

रामधनजोत निवासी मनी बर्मन ने बताया कि एक तो इस इलाके में नाली की सुविधा नहीं है। उपर से पानीटंकी ओवर ब्रिज का इधर ढलाव होने से बारिश का पानी भी मेरे घर में प्रवेश करने के साथ इलाके में घुस जाती है। जिससे और भी हमलोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अगर इस इलाके में नाली निर्माण हो जाएं तो इस इलाके के लिए अच्छा रहेगा। स्थानीय लोगों ने कहा रामधन जोत में जल निकासी के लिए नाला बनाने की मांग की है। अगर जल्द ही इस रामधन जोत इलाके में नाली निर्माण नहीं किया गया, तो हम स्थानीय लोग मिलकर सड़क पर उतरकर जोरदार आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *