सारस न्यूज, सिलीगुड़ी।
सिलीगुड़ी महिला थाना की पुलिस ने ऑनलाइन सैक्स रैकेट गिरोह के सप्लायर एक महिला को हैदरपाड़ा से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला का नाम ललिता बर्मन उर्फ चंदना है।
बताते चलें कि अखिलेश कुमार नामक एक व्यक्ति बिहार में बैठकर सिलीगुड़ी में एक लड़की चंदा साह उर्फ जया के सहारे ऑनलाइन सैक्स रैकेट का धंधा चला रहा था।जिसका खुलासा 22 दिसंबर को सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की महिला थाना ने किया था।
उस समय महिला थाना की टीम ऑनलाइन सैक्स रैकेट चलाने के आरोप में चंदा साह उर्फ जया के साथ मिजानूर इस्लाम उर्फ बाउ (27) और सम्राट सरकार उर्फ विक्रम (24) को गिरफ्तार किया था। इसके बाद इस मामले की जांच करते हुए महिला थाने की पुलिस ने दो महीने बाद बिहार के बेगूसराय से ऑनलाइन सैक्स रैकेट गिरोह के मास्टरमाइंड अखिलेश कुमार को गिरफ्तार किया था।
जिसके बाद सिलीगुड़ी अदालत में पेश कर 7 दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया गया। बताया जा रहा है कि मास्टरमाइंड अखिलेश कुमार से पूछताछ के बाद पुलिस के सामने ललिता बर्मन उर्फ चंदना का नाम सामने आया। जो सैक्स रैकेट में लड़की सप्लाई करने का काम करती थी। जिसके बाद महिला थाना की पुलिस ने एक फोन नंबर के सहारे ललिता बर्मन की तलाशी शुरू की।
महिला थाने की पुलिस ने हैदरपाड़ा इलाके के एक किराये के मकान से ललिता बर्मन को गिरफ्तार किया। महिला पुलिस ने शुक्रवार को ललिता बर्मन को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।