• Thu. Sep 11th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

कोलकाता के ला कालेज में छात्रा के साथ दुष्कर्म को ले खोरीबाड़ी में भाजपा की मशाल जुलूस।

सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।


कोलकाता के प्रतिष्ठित साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज में प्रथम वर्ष की छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने पूरे राज्य में सियासी हलचल तेज कर दी है। भाजपा ने इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार पर निशाना साधा है और राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

इसी क्रम में सोमवार को भाजपा खोरीबाड़ी–बुढागंज मंडल की ओर से बुढागंज में एक मशाल जुलूस निकाला गया। यह जुलूस भाजपा के बुढागंज कार्यालय से शुरू होकर बाजार क्षेत्र का परिक्रमा करता हुआ किलाघाटा मोड़ पर पहुंचा, जहां करीब आधे घंटे तक सड़क पर प्रदर्शन किया गया। इस जुलूस में सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, महिला मोर्चा की सदस्याएं और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

भाजपा खोरीबाड़ी–बुढागंज मंडल अध्यक्ष तरुण सिंह ने कहा कि ममता बनर्जी के शासन में राज्य में लोकतंत्र समाप्त हो चुका है। महिलाएं और लड़कियां असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने इस जघन्य कांड की निंदा करते हुए राष्ट्रपति शासन की मांग की और कहा कि यह घटना राज्य की आत्मा को झकझोर देने वाली है।

घटना के संबंध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जानकारी दी कि अब तक मुख्य आरोपी मनोजीत मिश्रा समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार व्यक्तियों में कॉलेज के दो वर्तमान छात्र, एक पूर्व छात्र और एक सुरक्षाकर्मी शामिल हैं। गंभीर आरोप यह है कि मनोजीत मिश्रा तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद (टीएमसीपी) से जुड़ा हुआ है।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है — पिछले वर्ष आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या के मामले से पूरा देश आक्रोशित था। उसके बाद नक्सलबाड़ी में एक नाबालिग लड़की के साथ भी सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई।

भाजपा का आरोप है कि राज्य में लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *