सारस न्यूज, सिलीगुड़ी।
खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र के केलाबागान में बरामद महिला के सड़े-गले शव की शिनाख्त हो गई है। मृतका की पहचान नेपाल की निवासी बबीता राजवंशी (33) वर्षीय के रूप में की गई है। बबीता एक सब्जी व्यापारी थी और 15 सितंबर को सब्जी खरीदने के लिए नेपाल से भारत आई थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। मृतका के परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
कुछ दिन पहले खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र के देबीगंज स्थित आरीभिट्ठा इलाके में एक केले के बगीचे से महिला का शव बरामद हुआ था। शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और पता चला कि मृतका नेपाल की रहने वाली थी। मृतका के परिजनों के अनुसार, बबीता नेपाल से भारत सब्जियां लाकर व्यापार करती थी। परिजनों ने भारत सरकार से दोषियों की पहचान कर उन्हें कड़ी सजा देने की मांग की है।
सोमवार को मृतका की सास झांझनी राजवंशी ने भी थाने पहुंचकर बहू की हत्या की रिपोर्ट दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि बबीता का भारत में तीन लोगों के साथ वित्तीय लेन-देन का विवाद चल रहा था। परिवार के सदस्यों ने खोरीबाड़ी पुलिस और उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल से संपर्क कर शव की पहचान की। इसके बाद, मृतका के परिजनों ने खोरीबाड़ी थाने में तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया। परिजनों का कहना है कि दोषियों को जल्द से जल्द पकड़कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए।