सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
सिलीगुड़ी: राज्य की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने बुधवार को माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र के तृणमूल उम्मीदवार शंकर मालाकार और फांसीदेवा विधानसभा क्षेत्र की उम्मीदवार रीना टेप्पो एक्का के समर्थन में नक्सलबाड़ी स्थित नंद प्रसाद गर्ल्स हाई स्कूल मैदान में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने तृणमूल सरकार के 15 वर्षों के कार्यकाल में माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों को गिनाया।

इसके बाद भाजपा व केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले एसआईआर के जरिए जानबूझकर कई लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बंगाली और महिला विरोधी मानसिकता वाली है। भाजपा सिलिंडर का कृत्रिम संकट पैदा कर रही है। रसोई गैस की आपूर्ति जानबूझकर बाधित की गई है और कीमतें बढ़ाई गई हैं। भाजपा सरकार ने आम जनता को पहले नोटबंदी, फिर एसआईआर और अब रसोई गैस की लाइन में खड़ा कर दिया है। लोगों को लाइन में खड़ा कराते-कराते एक दिन वह खुद ही लाइन से बाहर हो जाएगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव को लेकर डरी हुई है, इसलिए चुनाव आयोग का उपयोग कर रही है। ममता बनर्जी ने कहा कि देश का निर्वाचन आयोग निष्पक्ष नहीं है और एसआईआर ही चुनाव आयोग और भाजपा को खत्म कर देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल की जनता को स्वास्थ्य साथी, लक्ष्मी भंडार, कन्याश्री, सबुज साथी सहित कई योजनाओं का लाभ मिला है। इसके अलावा सड़क, रास्ते, स्कूल और कॉलेज बनाए गए हैं। तृणमूल कांग्रेस हर समय लोगों के साथ खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता को जीवनभर इन योजनाओं का लाभ मिलता रहेगा। देश के विकासशील राज्यों में बंगाल अग्रणी स्थान पर है और तेजी से विकास कर रहा है।

आगे उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस बड़े बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।
मांस-मछली की विरोधी है भाजपा सरकार
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बंगाल में मांस, मछली और अंडा खाने पर रोक लगाना चाहती है। भाजपा की सरकार मांस-मछली विरोधी है। भाजपा धर्म की बात करती है और खुद मंदिर तोड़ती है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में एक काली मंदिर को तोड़ा गया। वहीं, पश्चिम बंगाल को उन्होंने सभी धर्मों का सम्मान करने वाला राज्य बताया।
अभी आधार ‘नो पापा’, वोट के लिए ‘यस पापा’
उन्होंने कहा कि पहले लोगों को आधार कार्ड बनाने के लिए लाइन में खड़ा किया गया, फिर एसआईआर के जरिए परेशान किया गया। इसके बाद केंद्र सरकार ने कहा कि आधार कार्ड नहीं होगा तो बैंक में पैसा नहीं मिलेगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब बैंक के लिए आधार ‘नो पापा’, अधिकारियों के लिए आधार ‘नो पापा’, लेकिन वोट के लिए ‘यस पापा’ हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सिर्फ वोट लेने का काम करती है, लेकिन विकास नहीं करती। अंत में उन्होंने जनता से शंकर मालाकार और रीना टेप्पो एक्का को विजयी बनाने की अपील की।
