चंदन मंडल, सारस न्यूज, नक्सलबाड़ी।
नक्सलबाड़ी : सिटी ऑटो में एक महिला यात्री की पर्स चोरी करने के आरोप में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को नक्सलबाड़ी से पानीटंकी जाते समय क्वार्टर मोड़ पर सिटी ऑटो से एक महिला यात्री का पर्स चोरी हो गया था। घटना के बाद महिला यात्री ने नक्सलबाड़ी थाने में एक शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अभियान चलाकर नक्सलबाड़ी बाजार से दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पर्स में दस हजार रुपये नकद समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। नक्सलबाड़ी थाना प्रभारी मानस दास ने बताया कि महिला यात्री की पर्स चोरी करने के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को रविवार को सिलीगुड़ी कोर्ट में पेश किया जायेगा ।