• Mon. Mar 23rd, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

भारत-नेपाल सीमा पर फर्जी दस्तावेजों के साथ 6 म्यांमार छात्र गिरफ्तार।

सारस न्यूज, नक्सलबाड़ी।

भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी की 41वीं वाहिनी के जवानों ने शनिवार को दो अलग-अलग मामलों में पाँच घंटे से भी कम समय के भीतर 6 संदिग्ध म्यांमार नागरिकों को हिरासत में लिया। ये सभी छात्र थे।

पकड़े गए छात्रों के नाम हैं:माजी मेयो हटोइली (26), लांघ नगेह न्यांग (28), नव थांग (27), फ्रांसिस तावक लियन संग (20), वन जा लियन (20), और रोलैंड नवल ट्लिंग लियन (23)।एसएसबी सूत्रों के अनुसार, ये सभी छात्र वर्ष 2022-23 में बिना पासपोर्ट और वीजा के भारत के मिजोरम राज्य में प्रवेश कर गए थे। चौंकाने वाली बात यह है कि इनके पास या तो फर्जी आधार कार्ड (जिनमें से अधिकांश दिल्ली में बनाए गए) थे, या वोटर आईडी कार्ड मौजूद थे। एक छात्र के पास पैन कार्ड भी पाया गया।

इन सभी ने नागालैंड के विटर थियोलॉजिकल कॉलेज, वांकहोसिंग, वोखा में धर्मशास्त्र में डिग्री कोर्स में दाखिला लिया था और 2023 से वहीं रह रहे थे। छुट्टियों में ये छात्र अन्य भारतीय और नेपाली छात्रों के साथ सिलीगुड़ी आए थे और तीन अलग-अलग समूहों में बंटे हुए थे।

शनिवार को जब तीन म्यांमार नागरिकों सहित 9 छात्रों का एक दल नेपाल के बिरतामोड़ स्थित हैप्पी लैंड एडवेंचर पार्क जाने की कोशिश कर रहा था, तो पानीटंकी बीओपी के जवानों ने उन्हें सीमा पर पकड़ लिया। नागालैंड के तीन भारतीय छात्रों को छोड़ दिया गया, जबकि म्यांमार के तीनों छात्रों को हिरासत में लिया गया।

इसके बाद बीओपी पानीटंकी की बीआईटी टीम ने पांच घंटे से भी कम समय में शेष तीन म्यांमार नागरिकों को भी दो अन्य समूहों से पकड़ लिया। सभी को खोरीबाड़ी थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और रविवार को सभी को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *