• Thu. Dec 11th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

बिन्नाबाड़ी ग्राम पंचायत के उप प्रधान को पद से हटाया गया।

सारस न्यूज, नक्सलबाड़ी।

सिलीगुड़ी महकमा के खोरीबाड़ी प्रखंड अंतर्गत बिन्नाबाड़ी ग्राम पंचायत में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता एक-दूसरे के खिलाफ लड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस के 8 पंचायत सदस्यों ने मौजूदा तृणमूल कांग्रेस के ही उप प्रधान प्रमोद प्रसाद के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर उन्हें पद से हटा दिया है। अविश्वास प्रस्ताव शुक्रवार को पंचायत सभा कक्ष में आयोजित विशेष बैठक में पारित किया गया। पंचायत अधिकारी की देखरेख में यह बैठक संपन्न हुई। इस दौरान खोरीबाड़ी थाना पुलिस बल की तैनाती की गई थी। शुक्रवार की बैठक में अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले 8 सदस्य उपस्थित थे, जबकि उप प्रधान प्रमोद प्रसाद के पक्ष में 5 सदस्यों ने मतदान किया। ग्राम पंचायत सदस्य विक्रम गणेश ने कहा कि उप प्रधान प्रमोद प्रसाद को पद से हटा दिया गया। वे भाजपा के साथ मिलकर काम कर रहे थे और विकास नहीं कर रहे थे। उप प्रधान प्रमोद प्रसाद ने बताया कि उनके विपक्ष में 8 सदस्यों ने मतदान किया क्योंकि वे लोग विकास नहीं चाहते थे। ये सभी कार्यकर्ता विकास का पैसा आपस में मिलजुलकर चौपट करने के फिराक में थे, लेकिन मैंने ऐसा नहीं होने दिया। इसलिए इन सभी ने साजिश कर मुझे उप प्रधान पद से हटा दिया। उल्लेखनीय है कि बीते 16 अप्रैल को पार्टी के ही असंतुष्ट सदस्यों ने मौजूदा प्रधान अलाकसु लकड़ा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर उन्हें पद से हटा दिया था। अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले सभी 8 सदस्य मौजूद रहे, जबकि प्रधान अलाकसु लकड़ा सहित 5 सदस्य अनुपस्थित रहे। अलाकसु लकड़ा भाजपा छोड़कर तृणमूल में शामिल हुए थे। अब सभी पंचायतवासियों की निगाहें टिकी हुई हैं कि उनका अगला प्रधान और उप प्रधान कौन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *