सारस न्यूज, सिलीगुड़ी।
सोमवार को खोरीबाड़ी सर्किल अंतर्गत डांगुजोत हिन्दी प्राथमिक विद्यालय में ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया गया। इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी मां के साथ मिलकर विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए। विद्यालय के प्रधान शिक्षक अंबुज राय ने वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि एक पेड़ सिर्फ प्रकृति नहीं, एक पीढ़ी का संरक्षण है। यदि हर बच्चा एक पेड़ लगाए और उसकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों को एक हराभरा भविष्य मिलेगा। विद्यालय के बच्चों ने यह भी संकल्प लिया कि वे लगाए गए पेड़ों की नियमित रूप से देखभाल करेंगे और उन्हें एक मित्र की तरह बड़ा करेंगे। इस प्रकार का आयोजन पर्यावरण के प्रति बच्चों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ माता-पिता को भी विद्यालय की गतिविधियों से जोड़ने की एक अनोखी पहल के रूप में देखा जा रहा है। इस कार्यक्रम में सहायक शिक्षक समीर चौहान, सुरेंद्र बैठा और विजय यादव ने भी सक्रिय भूमिका निभाई और बच्चों को पौधारोपण की विधि एवं पौधों की देखभाल के बारे में जानकारी दी।
