सारस न्यूज, सिलीगुड़ी।
आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सुरक्षा को मज़बूत करने के लिए दार्जिलिंग जिले के खोरीबाड़ी थाना प्रभारी मंतोष सरकार ने अपने दलबल के साथ खोरीबाड़ी के विभिन्न इलाकों में रूट मार्च किया। उन्होंने शुक्रवार को खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र के देवीगंज, डांगुजोत और बंगाल-बिहार सीमा के सिंघयाजोत इलाके में रूट मार्च किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पहल चुनाव से पहले कानून-व्यवस्था की स्थिति को सामान्य बनाए रखने और आम लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करने के लिए की गई है। उन्होंने इलाके में जाकर स्थिति का निरीक्षण किया, आम लोगों से बात की और उनकी राय व समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी से शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने में सहयोग करने की अपील की। लोगों को निर्देश दिया गया कि अगर कोई अफवाह या अशांति फैलाने की कोशिश करता है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
दूसरी ओर, खोरीबाड़ी बाजार समेत विभिन्न हिस्सों में घर-घर जाकर लोगों से बातचीत की गई। लोगों को साफ-साफ बताया गया कि ड्रग्स की डीलिंग में कोई रियायत नहीं दी जाएगी। थाना प्रभारी ने चेतावनी दी कि दूसरी बार किसी के खिलाफ शिकायत मिलने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
