सारस न्यूज, बागडोगरा।
बागडोगरा में चाय श्रमिकों से भरी एक पिकअप वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में करीब 50 चाय श्रमिकों के घायल होने की खबर है। जबकि एक की मौत हो गई है। मृतक का नाम पीटर तिर्की बताया जा रहा है। यह घटना बागडोगरा राष्ट्रीय राजमार्ग- 31 पर घटी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गुलमा चाय बागान में चाय पत्ती तोड़ने के लिए एक पिकअप वैन श्रमिकों को लेकर निकला था। इस बीच अचनाक बागडोगरा के मुनि चाय बागान के संलग्न राष्ट्रीय राजमार्ग – 31 पर पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसके कारण पिकअप वैन में सवार 50 श्रमिक घायल हो गए। घायलों को लेकर बागडोगरा अस्पताल ले जाया गया। वहां से सभी को उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया गया। घायलों में एक की मौत होने की खबर है।
इस बीच घटना की सूचना मिलते ही बागडोगरा पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से पिकअप वैन उठाकर थाने ले आई। वहीं दूसरी ओर घटना की सूचना मिलते ही अपर बागडोगरा ग्राम पंचायत प्रधान संजीव सिन्हा सहित पंचायत सदस्य भी मौके पर पहुंचे। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।