सारस न्यूज, सिलीगुड़ी।
गुरुवार रात को उत्तरबंगाल डेंटल कॉलेज के विद्यार्थियों ने बिना किसी सूचना दिए अचानक हॉस्टल का गेट बंद करने का आरोप लगाते हुए पूरी रात गेट के सामने धरना दिया। इसको लेकर शुक्रवार की सुबह भी छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे डेंटल कॉलेज के हॉस्टल के विद्यार्थियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि काफी आंदोलन के बाद हॉस्टल का गेट बंद करने का समय 10 बजे से बढ़ाकर 11 बजे कर दिया गया था। इसके बाद अचानक बिना विद्यार्थियों को बताए नए नियम बना दिए गए। विद्याथियों ने कहा नए नियम के अनुसार रात 9ः30 बजे गेट बंद कर दिया गया। कई विद्यार्थी गेट के बाहर थे, लेकिन गुहार लागने के बाद भी जब गेट नहीं खोला तो वे लोग हॉस्टल के बाहर धरने पर बैठ गए। जानकारी के मुताबिक विद्यार्थियों के प्रदर्शन के चलते शुक्रवार को शिक्षण कार्य बंद कर दिया गया था। कॉलेज प्रशासन का कोई जवाब नहीं मिलने के बाद गुस्साए विद्यार्थियों द्वारा शुक्रवार की सुबह फिर प्रदर्शन किया गया।