Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

सिलीगुड़ी में लगातार बारिश से बागडोगरा एयरपोर्ट पर विमान सेवा ठप, कई विमान हुए डायवर्ट।

सारस न्यूज टीम, सिलीगुड़ी।

रविवार रात से ही सिलीगुड़ी सहित पूरे उत्तर बंगाल में मौसम का मिजाज बड़ी तेजी से बदला है। रात से हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से  विमान सेवा पर भी भारी असर पड़ा है। बारिश के कारण बागडोगरा एयरपोर्ट पर सुबह साढ़े ग्यारह बजे तक एक भी फ्लाइट की लैंडिंग नहीं हो पाई थी। जबकि इस समय तक पांच से छह फ्लाइट की लैंडिंग हो जाती थी। बागडोगरा एयरपोर्ट के आधिकारिक सूत्रों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार  बारिश के कारण बागडोगरा एयरपोर्ट पर दृश्यता की काफी कमी है। इसी कारण से फ्लाइट की लैंडिंग नहीं हो सकी है।

सोमवार को भी सुबह से लगातार बारिश जारी है। बताया गया कि सुबह साढ़े ग्यारह बजे तक 5-6 फ्लाइट की लैंडिंग हो जाती थी, लेकिन इस समय तक कोई फ्लाइट लैंड नहीं कर सकी है। यहां तक कि कई फ्लाइट बागडोगरा एयरपोर्ट के उपर से ही डायवर्ट होकर कोलकाता व गुवाहाटी चली गई। इनमें सुबह नौ बजे दिल्ली से बागडोगरा आने वाली स्पाइसजेट भी फ्लाइट थी जो बागडोगरा एयरपोर्ट पर लैंडिंग के लिए आई, लेकिन मौसम खराब होने की वजह से एयरपोर्ट पर  दृश्यता कम थी,  इसलिए फ्लाइट लैंड नहीं कर पाई तथा कोलकाता के लिए डायवर्ट हो गई। बताया गया कि अगर दोपहर बाद मौसम में सुधार होता है, तो फ्लाइट के लैंड और टेक ऑफ किए जाने की संभावना है।

जानकारी के अनुसार अभी जो मौसम की स्थिति है इसे देखते हुए और फ्लाइट लैंड करने की संभावनाएं काफी कम है। आमतौर पर बागडोगरा एयरपोर्ट पर 60 से 62 विमानों की आवाजाही होती है। रविवार को 56 फ्लाइट मूवमेंट हुई, जिसमें 23 यहां लैंड की तथा वही 33 फ्लाइट यहां से टेक ऑफ की। जबकी पांच फ्लाइट रद रही।

मिली जानकारी के अनुसार पिछले सप्ताह शनिवार  को भी बागडोगरा एयरपोर्ट पर 27 में से 23 विमानों की लैंडिंग हुई थी और 23 ने ही यहां से टेकऑफ किया था। इस तरह से कुल 46 विमानों की आवाजाही हुई। जबकि 4 फ्लाइट रद्द रही। विमान सेवा रद्द होने की वजह से बागडोगरा एयरपोर्ट से यात्रियों को मजबूरन वापस होना पड़ रहा है और परेशानी उठानी पड़ रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *